Ranchi News : झारखंड की राजधानी रांची में रविवार दोपहर सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के भट्टी चौक के पास एक युवक साहिल उर्फ़ “कुरकुरे” की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे। उन्होंने आरोपितों के घर और कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।
पुलिस के अनुसार, साहिल की हत्या के पीछे पुराना विवाद मुख्य कारण बताया जा रहा है। मृतक की मां ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि अरमान नामक युवक ने उनके बेटे को गोली मार दी। साथ ही उन्होंने पूर्व पार्षद असलम के भाई आसिफ पर भी साजिश और गोली चलाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जेल से रिहा होने के बाद से आसिफ लगातार साहिल को धमकी दे रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने अरमान के घर में तोड़फोड़ कर घरेलू सामान बाहर फेंक दिया, जबकि पूर्व पार्षद असलम के कार्यालय में भी तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में लिया और भीड़ को शांत कराया। इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय और हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने साहिल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
डीएसपी प्रकाश सोय के अनुसार, साहिल पहले आर्म्स एक्ट के तहत जेल जा चुका था और कुछ महीने पहले ही रिहा हुआ था। जेल में रहने के दौरान साहिल और असलम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें साहिल ने असलम और उसके भाई आसिफ से मारपीट की थी। इसी विवाद के चलते आसिफ, जो हाल ही में जेल से बाहर आया था, साहिल को लगातार धमकियां दे रहा था।
रविवार को अरमान ने साहिल को भट्टी चौक पर बुलाया और पास से गोली मार दी। वारदात के बाद वह फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। इस घटना से हिंदपीढ़ी में तनाव का माहौल है और पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क है।



