Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची 10 जुलाई को एक अहम बैठक की मेज़बानी करने जा रही है। इस दिन पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (Eastern Zonal Council) की बैठक का आयोजन होगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे। वे 9 जुलाई की शाम करीब 6 बजे रांची पहुंचेंगे और बैठक के अगले दिन दोपहर दिल्ली लौट जाएंगे। इस बैठक में पूर्वी भारत के चार राज्यों—झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल—के मंत्री और शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी, बिहार के मंत्री सम्राट चौधरी और विजय चौधरी, तथा पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य बैठक में शिरकत करेंगे। झारखंड से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ, मुख्य सचिव अलका तिवारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक का हिस्सा होंगे।

बैठक में नदियों के जल बंटवारे, पेंशन विवाद, डैम परियोजनाओं, और केंद्र-राज्य के बीच लंबित विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही झारखंड के हिस्से की लंबित रेलवे राजस्व, खनन बकाया, और HEC (Heavy Engineering Corporation) के पुनर्जीवन से जुड़ी मांगें भी उठाई जाएंगी।

झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने उम्मीद जताई है कि गृह मंत्री झारखंड के साथ न्याय करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में ओडिशा को बड़ी सौगातें मिली थीं, अब बारी झारखंड की है। उन्होंने इसे ‘याचना नहीं, अधिकार’ बताया और केंद्र से सौतेले व्यवहार पर नाराजगी जताई।

Share.
Exit mobile version