रांची: डोरंडा स्थित JAP-1 मैदान में आज जोश और उत्साह का माहौल रहा। अवसर था 17वीं झारखंड पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2025-26 के समापन समारोह का। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न खेल विधाओं के विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर पुरस्कृत किया।
सुरक्षा और खेल का संगम
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड पुलिस के जवान आज न केवल राज्य की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं, बल्कि खेल के मैदान में भी अपना लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने गर्व के साथ उल्लेख किया कि हमारे पुलिस बल के कई जवानों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और राज्य का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ये जवान एक प्रोफेशनल खिलाड़ी के रूप में और भी ऊंचा मुकाम हासिल करेंगे।
मुख्यमंत्री ने झारखंड पुलिस द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली इस खेल प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा, “खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शरीर को फिट और स्वस्थ रखने का सबसे सशक्त माध्यम है। पुलिस की व्यस्त और चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के बीच इस तरह के आयोजन जवानों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए मील का पत्थर साबित होते हैं।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल में हिस्सा लेना और खेल भावना को जीवित रखना है। जो इस बार चूक गए, उन्हें निरंतर प्रयास करते रहने की जरूरत है; सफलता जरूर मिलेगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया। जब विजेता जवान अपनी ट्रॉफियां लेने मंच पर पहुंचे, तो पूरा जैप-1 मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस गरिमामयी अवसर पर गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे सहित कई वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। राज्यभर से आए सैकड़ों पुलिस प्रतिभागी इस समापन समारोह का हिस्सा बने, जिससे यह आयोजन न केवल एक प्रतियोगिता बल्कि झारखंड पुलिस परिवार के मिलन का उत्सव बन गया।



