Bihar News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सफल बनाने के लिए दरभंगा पुलिस इन दिनों एक्शन मोड में है। गुरुवार की शाम अलीनगर थाना पुलिस ने एक दुस्साहसिक कार्रवाई करते हुए देशी चुलाई शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तब हुई जब आरोपी पुलिस की नाकेबंदी देखकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह अपनी ही स्कूटी से सड़क पर जा गिरा।

चेकिंग देख भागने की कोशिश; अनियंत्रित होकर गिरा और चढ़ा पुलिस के हत्थे

अलीनगर थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7:00 बजे पुलिस टीम हरियठ गांव स्थित दिहावर स्थान के पास विशेष वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान उत्तर दिशा से एक काले रंग की होंडा एक्टिवा आती दिखी। पुलिस ने जैसे ही रुकने का इशारा किया, स्कूटी सवार युवक ने रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ ही दूरी पर स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चालक राम कुमार महतो चोटिल हो गया। पुलिस ने तुरंत उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।

एक्टिवा की डिक्की में छिपा था ‘राज’; पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी

जब पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी की डिक्की की तलाशी ली, तो उसमें प्लास्टिक की थैलियों में भरी 10 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान स्थानीय हरियठ गांव निवासी राम कुमार महतो (20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी एक्टिवा 6G (BR07AR2101) को जब्त कर लिया है। घायल आरोपी को पहले प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी अलीनगर ले जाया गया, जहाँ से छुट्टी मिलने के बाद उसे थाने लाया गया। पुलिस ने कांड संख्या 268/25 दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

Share.
Exit mobile version