अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चाईबासा | रिपोर्टर
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना अंतर्गत तांतनगर ओपी क्षेत्र के कासिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। पत्नी की हत्या के मामले में सजा काटकर हाल ही में जेल से बाहर आए एक व्यक्ति ने अपनी ही भाभी की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतका के बेटे शंकर भूमिज के अनुसार, गांव के 50 वर्षीय दुलाई भूमिज ने अपनी 56 वर्षीय भाभी पार्वती भूमिज पर डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो पार्वती भूमिज मृत अवस्था में मिलीं। शुरुआत में इसे सामान्य मौत समझा गया, लेकिन गर्दन और गाल पर गंभीर चोट के निशान देखने के बाद मामला संदिग्ध लगा और हत्या की आशंका जताई गई।
इसके बाद गांव में बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों ने आपसी सहमति से पुलिस को सूचना देने का निर्णय लिया। सूचना मिलते ही तांतनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर दुलाई भूमिज से पूछताछ की।
सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी दुलाई भूमिज पहले भी हत्या के मामले में दोषी रह चुका है। वर्ष 2011 में उसने अपनी पत्नी इंद्रावती भूमिज की पत्थर से वार कर हत्या कर दी थी, जिसके लिए उसे 13 साल की सजा हुई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है।
तांतनगर ओपी प्रभारी अरविंद कुशवाहा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद से गांव के लोग सदमे में हैं और भय का माहौल बना हुआ है।

