रांची: जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर सामने आई शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने विभिन्न स्रोतों से मिली गैस सिलेंडर की कमी संबंधी खबरों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल समीक्षा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत की अध्यक्षता में ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में Indian Oil Corporation Limited, Hindustan Petroleum Corporation Limited और Bharat Petroleum Corporation Limited के क्षेत्रीय प्रबंधक (एलपीजी सेल्स), सीएससी के जिला नोडल अधिकारी तथा रांची जिले की सभी गैस एजेंसियों के प्रोप्राइटर शामिल हुए। इस दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय भी बैठक में मौजूद थे।
बैठक में गैस कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में होली पर्व के कारण सप्लाई चेन में अस्थायी व्यवधान उत्पन्न हो गया था, जिससे कुछ स्थानों पर गैस सिलेंडर वितरण प्रभावित हुआ। हालांकि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है और जिले में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे नियमित 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग कम से कम 25 दिन पहले कर लें। अधिकारियों के अनुसार बुकिंग के बाद आमतौर पर 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में यह भी बताया गया कि यदि किसी उपभोक्ता का सिलेंडर 25 दिन से पहले ही समाप्त हो जाता है, तो ऐसी स्थिति में उपभोक्ताओं के लिए 5 किलोग्राम और 2 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर उपलब्ध हैं। इन छोटे सिलेंडरों के लिए अलग से बुकिंग कराने की आवश्यकता नहीं होगी और उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसी से संपर्क कर डोरस्टेप डिलीवरी के माध्यम से इन्हें प्राप्त कर सकते हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों से छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही गैस कंपनियों को निर्देश दिया गया कि वे उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग टोल-फ्री नंबर जारी करें और इन नंबरों पर हमेशा एक कर्मी की उपलब्धता सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को फोन के माध्यम से भी सही जानकारी मिल सके।
इसके अलावा प्रशासन ने गैस सिलेंडर की बुकिंग और आपूर्ति से जुड़ी जानकारी के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इसके लिए एसएमएस, बिलबोर्ड, रेडियो, टेलीविजन और अन्य माध्यमों का उपयोग किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय से बुकिंग करने के लिए जागरूक किया जा सके। साथ ही गैस कंपनियों और एजेंसियों के प्रबंधकों का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया जाएगा, जिससे आपूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। यदि कोई एजेंसी या वितरक अनियमितता या कालाबाजारी में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर गैस सिलेंडर की बुकिंग करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत होने पर प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर अबुआ साथी 9430328080 पर सूचना दें।



