अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला/चैनपुर:-आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय आयोजन को लेकर मंगलवार को चैनपुर अनुमंडल कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी ने की।
बैठक के दौरान गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले झंडोत्तोलन कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीओ पूर्णिमा कुमारी ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में झंडोत्तोलन के समय निर्धारण को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्थानों पर कार्यक्रम निर्धारित समय के अनुसार ही संपन्न होने चाहिए और किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एसडीओ ने उपस्थित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, अनुशासन और समन्वय पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है, इसलिए इसकी तैयारियां पूरी गंभीरता से की जाएं।
बैठक में स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजनों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीओ ने कहा कि कार्यक्रमों में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन सर्वोपरि होना चाहिए।
बैठक में डीसीएलआर कंचन कुमारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी चैनपुर यादव बैठा, बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक संदीप कुमार, को-ऑपरेटिव बैंक के राहुल कुमार, बीपीओ सतेंद्र कुमार तथा लूथरन हाई स्कूल के प्रधानाचार्य सहित प्रशासनिक, बैंकिंग और शिक्षा जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में अनुमंडल पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि गणतंत्र दिवस समारोह सफलतापूर्वक और सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके।

