Jharkhand News: झारखंड के रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शनिवार की देर रात गश्ती पर निकले पुलिस जवान रामाशंकर पांडेय की एक कंटेनर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वह डीजल चोरों का पीछा कर रहे थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात लगभग 2 बजे चरही पुलिस गश्त कर रही थी। 15 माइल क्षेत्र के पास पुलिस की नजर डीजल चोरी कर रहे कुछ संदिग्धों पर पड़ी। जैसे ही पुलिस ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, वे तुरंत अपने वाहन से रामगढ़ की ओर भागने लगे। गश्ती दल ने इस बाबत मांडू थाना को सूचित किया और खुद पीछा शुरू कर दिया।

भागते समय डीजल चोरों ने अपना वाहन बलसगरा मोड़ के पास छोड़ दिया और पैदल ही भागने लगे। गश्ती दल में शामिल जवान रामाशंकर पांडेय चोरों को पकड़ने के लिए दौड़े, तभी हजारीबाग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर (HR 55 AW 8289) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जवान की मौके पर ही मौत हो गई और कंटेनर भी पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया। कंटेनर को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों में गहरी संवेदना और आक्रोश दोनों पैदा किए हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि डीजल चोरी जैसे अपराध क्यों नहीं रुक रहे और गश्त पर तैनात पुलिसकर्मियों के सुरक्षा इंतज़ाम इतने लचर क्यों हैं।

पुलिस का कहना है कि डीजल चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, जवान रामाशंकर पांडेय की शहादत पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उच्च अधिकारी मुआवज़ा और परिवार की सहायता की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं।

Share.
Exit mobile version