Hazaribagh : भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को ACB की टीम ने हजारीबाग जिले के दारू प्रखंड में तैनात राजस्व कर्मचारी ज्ञानी राम को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी ज्ञानी राम पर आरोप था कि वह जमीन की दाखिल-खारिज प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 10,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। आवेदक हिरामन प्रजापति ने इस संबंध में ACB से शिकायत की थी। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।

बताया गया कि जब शिकायतकर्ता ने राजस्व कर्मचारी से संपर्क किया तो ज्ञानी राम ने स्पष्ट कहा कि अगर रिश्वत नहीं दी गई तो आवेदन अस्वीकृत कर दिया जाएगा। इसके बाद ACB ने ट्रैप ऑपरेशन चलाते हुए उसे पहली किश्त के रूप में तीन हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

ACB की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

Share.
Exit mobile version