Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शुक्रवार को धुर्वा स्थित स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कन्वेंशन सेंटर का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी ली और अधूरी पड़ी योजना को लेकर चिंता भी जाहिर की।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कार्य वर्ष 2018 में प्रारंभ हुआ था। इसका उद्देश्य रांची समेत पूरे झारखंड को एक आधुनिक और बड़े आयोजन स्थल की सुविधा उपलब्ध कराना था। इस सेंटर में करीब 5 हजार लोगों के बैठने की क्षमता निर्धारित की गई थी। हालांकि, निर्माण के दौरान परियोजना बीच में ही बंद हो गई और अब तक अधूरी पड़ी है।
निरीक्षण के दौरान नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, स्मार्ट सिटी सीईओ सूरज कुमार, जीएम राकेश नंदकुलियार और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह निरीक्षण न केवल परियोजना को गति देने का संकेत है बल्कि यह भी दर्शाता है कि सरकार अब अटकी हुई योजनाओं को पूरा करने की दिशा में गंभीर है। उम्मीद है कि आने वाले समय में धुर्वा का यह कन्वेंशन सेंटर राजधानी रांची का प्रमुख पहचान चिन्ह बनेगा।



