Ranchi News : पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में भाग लेने वाले वीर सैनिकों के सम्मान में गुरुवार को राजधानी रांची में एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा रांची के ऐतिहासिक मोराबादी मैदान स्थित शहीद पार्क से आरंभ होकर सैनिक चौक, कचहरी चौक, सुभाष चौक, शहीद चौक, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए चंद्रशेखर आजाद चौक पर आकर संपन्न हुई।

यात्रा के दौरान रांची शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक पर चडरी सरना समिति द्वारा यात्रा का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता रमेश सिंह, एनसीसी कैडेट, विद्यार्थियों एवं रांची के अन्य गणमान्य व्यक्तियों का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इस आयोजन ने देश के जवानों के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और गहरा किया।

स्वागत समारोह की अध्यक्षता केन्द्रीय अध्यक्ष बबलू मुंडा ने की, जबकि संचालन मुख्य सलाहकार व झारखंड आंदोलनकारी कुमोद कुमार वर्मा ने किया। बबलू मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि “तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम देश के वीरों को सलाम करते हैं। हमें अपने सैनिकों पर गर्व है जो सीमाओं पर देश की रक्षा में तैनात हैं।”

समिति के प्रधान महासचिव सुरेन्द्र लिंडा ने कहा, “21वीं सदी में भी भारतीय सैनिकों से टकराने से पहले बड़े-बड़े देश कई बार सोचते हैं। हमारे सैनिकों की बहादुरी पर आज पूरा देश नाज़ करता है।”

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सबलू मुंडा, बादल लिंडा, भोला केसरी, विक्की सोनी, नीरज गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share.
Exit mobile version