अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की 208वीं जयंती के अवसर पर एक भव्य राष्ट्रीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 12 अगस्त 2025 को अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित होगा।
इस आयोजन में जिला प्रशासन रांची, झारखंड सेनानी कोष गृह मंत्रालय, CRPF सेम्बो रांची, CRPF प्रशिक्षण केंद्र तीरील, झारखंड के विभिन्न जिलों के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, जगन्नाथपुर मंदिर के खतियानी सेवकों के परिवार, HEC परिवार और विस्थापित परिवार तथा सर्वोदय बाल निकेतन स्कूल धुर्वा रांची का संयुक्त सहयोग रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित करने से होगी। इसके बाद भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न कला-संस्कृति की टोलियां देशभक्ति गीत और संगीत प्रस्तुत करेंगी। CRPF बैंड टीम शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें सम्मानित करेगी।
इस राष्ट्रीय आयोजन में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विधायकगण और अनेक गणमान्य व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजन समिति का उद्देश्य नई पीढ़ी को शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के बलिदान और वीरता की कहानी से अवगत कराना है, ताकि उनमें देशभक्ति और समाजसेवा की भावना और प्रबल हो।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह सिर्फ एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता और प्रेरणा का प्रतीक है।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगा, जिससे रांची की फिजा में एक बार फिर देश के प्रति प्रेम और बलिदान की गूंज सुनाई देगी। यह जानकारी ठाकुर प्रवीर नाथ शाहदेव ने दी।

