Ramgarh News: रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शनिवार की सुबह एक भयावह सड़क हादसा हो गया। पैंकी मोड़ के पास खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि चलते ट्रक का चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह-सुबह हजारीबाग की ओर से रांची जा रहा एक बारह चक्का ट्रक पैंकी मोड़ पर खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे के बाद चालक दर्द से कराहता रहा और केबिन में फंसा रहा। सूचना मिलते ही कुजू पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गश्ती दल में शामिल एएसआई रवि शर्मा व अन्य जवानों ने ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने घटना के बाद दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है। इस सड़क दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर जाम जैसी स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।

गौरतलब है कि एनएच-33 पर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े वाहनों की वजह से अक्सर इस तरह की दुर्घटनाएं सामने आती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि हाईवे पर खड़े ब्रेकडाउन वाहनों की पहचान कर उन्हें तुरंत हटवाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Share.
Exit mobile version