अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : जिला प्रशासन के प्रयासों से जनता दरबार अब समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। सोमवार को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में एक बार फिर लोगों की भीड़ उमड़ी। खास बात यह रही कि इस बार शिकायतों के साथ-साथ समाधान की खुशी भी सामने आई।
नामकुम के रहने वाले शिक्षक नरेश रजक पिछले सात वर्षों से 6 डिसिमल जमीन के करेक्शन स्लिप के लिए अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। आज वे दूसरी बार जनता दरबार पहुंचे, लेकिन इस बार उनके चेहरे पर संतोष और धन्यवाद का भाव था। नरेश रजक ने उपायुक्त को तहे दिल से धन्यवाद दिया कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान आखिरकार हो गया।
26 मई 2025 को आयोजित इस जनता दरबार में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उपायुक्त श्री भजन्त्री ने सभी नागरिकों की समस्याएं व्यक्तिगत रूप से सुनीं। उन्होंने राजस्व, पेंशन, प्रमाण पत्र, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, होटल वेस्टेज, स्थानांतरण सहित विभिन्न मामलों पर तत्परता से कार्रवाई की।
भूमि से जुड़ी समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए उपायुक्त ने कई मामलों में ऑनलाइन पोर्टल की स्थिति की जांच की और तुरंत संबंधित अंचल अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित विभागों को आवेदन अग्रसारित कर त्वरित जांच व समाधान के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में होटल वेस्टेज पर प्रतिबंध की मांग को लेकर “सुकर पालक संघ” ने आवेदन दिया था। उपायुक्त ने पहले ही संघ को आवश्यक विवरण देने का निर्देश दिया था, जिसे आज प्रस्तुत किया गया। उपायुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
भूमि की अवैध बिक्री और कब्जे को लेकर भी कई शिकायतें आईं, जिन पर उपायुक्त ने गंभीरता से संज्ञान लिया। संबंधित अंचल अधिकारियों और अनुमंडल पदाधिकारियों को जांच कर शीघ्र कार्रवाई के आदेश दिए। जनता दरबार के इस आयोजन से स्पष्ट हो रहा है कि रांची प्रशासन जनता की समस्याओं को गंभीरता से ले रहा है और समाधान में पूरी तत्परता दिखा रहा है।

