अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपनी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चिलगू-चाकुलिया गांव पहुंचे। यहां उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी और सामाजिक कार्यकर्ता दिवंगत कपूर कुमार टुडू, जिन्हें लोग श्रद्धा से “कपूर बागी” के नाम से जानते थे, के पैतृक आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत कपूर टुडू जी के चित्र पर माल्यार्पण किया और गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड आंदोलन में अहम भूमिका निभाई थी। उनके योगदान को राज्य हमेशा याद रखेगा। हेमंत सोरेन ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढ़स बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
यह उल्लेखनीय है कि दिवंगत कपूर कुमार टुडू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फुफेरे भाई थे। उनके निधन की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनका निधन 6 मई 2025 को हुआ। वे अपने पीछे वृद्ध मां, पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।
कपूर बागी न केवल एक झारखंड आंदोलन के सशक्त सिपाही थे, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे। उन्होंने हमेशा गरीबों, वंचितों और आदिवासी समाज के हक के लिए संघर्ष किया। उनके निधन को झारखंड ने एक सच्चे सिपाही की क्षति के रूप में महसूस किया है

