अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से लाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप जब्त की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर मेहसी थाना की टीम ने की। शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता हाथ लगी है।
मेहसी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग 27 (NH-27) से शराब की एक बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने फौरन नाकेबंदी की और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक 18 चक्का ट्रक (PB11CL7970) को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर 999 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई, जिसे छुपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक हरप्रीत सिंह (मोगा, पंजाब) और खलासी गुरप्रीत सिंह (फतेहगढ़, पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि यह शराब पंजाब से बिहार लायी जा रही थी और इसे राज्य के विभिन्न हिस्सों में गुप्त रूप से बेचने की योजना थी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने संबंधित शराब माफिया की भी पहचान कर ली है और उसके ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून को पूरी सख्ती से लागू किया जाएगा और किसी को भी अवैध कारोबार करने नहीं दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद राज्य में शराब तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। इस तरह की बड़ी बरामदगी से यह स्पष्ट होता है कि शराब माफिया अब भी सक्रिय हैं और पुलिस की सतर्कता से ही ऐसे प्रयासों पर रोक लगाई जा सकती है।

