अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna: बिहार की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार और हाई-प्रोफाइल विभागों के बंटवारे के बाद हलचल तेज है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीधे 7 सर्कुलर रोड पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई।
सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म
हालांकि इस मुलाकात को ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया जा रहा है, लेकिन सियासी जानकार इसके गहरे मायने निकाल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो विभागों के बंटवारे, खासकर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दिए जाने और जदयू कोटे के अन्य मंत्रियों को मिले विभागों को लेकर दोनों नेताओं के बीच अहम चर्चा हुई है।
गठबंधन को ‘बैलेंस’ करने की कोशिश
सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही लगातार नीतीश कुमार के संपर्क में हैं और समय-समय पर उनसे सलाह-मशविरा करते रहते हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों जब सम्राट चौधरी दिल्ली से मंत्रिमंडल की अंतिम सूची लेकर लौटे थे, तब भी उन्होंने ललन सिंह के साथ नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सम्राट चौधरी बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार को पूरी तरह संतुलित (Balance) करके चल रहे हैं, ताकि गठबंधन में किसी भी तरह का असंतोष न पैदा हो।
30 मिनट की मुलाकात के मायने
30 मिनट तक चली इस बैठक में सरकार की प्राथमिकताओं और आने वाले समय में लिए जाने वाले नीतिगत फैसलों पर भी बात होने की खबर है। नीतीश कुमार का अनुभव और सम्राट चौधरी का जोश, बिहार सरकार की इस नई जुगलबंदी को मजबूती देने के लिए यह मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

