अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bokaro: सोमवार को झारखंड विधानसभा के शून्यकाल के दौरान बोकारो की विधायक श्वेता सिंह ने बोकारो जिले में प्रस्तावित जिला विज्ञान केन्द्र की स्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण विषय को सदन में उठाते हुए सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं को प्रोत्साहित करने तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से बोकारो में जिला विज्ञान केन्द्र की स्थापना अत्यंत आवश्यक है।
विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा चास अंचल के मौजा–कालापत्थर में लगभग 03 एकड़ भूमि जिला विज्ञान केन्द्र के निर्माण के लिए चिन्हित की जा चुकी है तथा इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य प्रारम्भ नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं युवाओं को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जिला विज्ञान केन्द्र के लिए चिन्हित भूमि का हस्तांतरण शीघ्र सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूर्ण करते हुए निर्माण कार्य जल्द से जल्द प्रारम्भया जाए। उन्होंने कहा कि यदि यह केन्द्र शीघ्र स्थापित होता है, तो बोकारो सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार एवं तकनीकी ज्ञान से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
विधायक ने आगे कहा कि जिला विज्ञान केन्द्र की स्थापना से छात्रों में वैज्ञानिक सोच एवं अनुसंधान की भावना को बढ़ावा मिलेगा। यह केन्द्र बच्चों एवं युवाओं के लिए विज्ञान को सरल, रोचक और व्यावहारिक रूप में समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगा। साथ ही यह क्षेत्र के शैक्षणिक एवं बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Read more — बोकारो में विकास की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी, विधायक श्वेता सिंह ने उठाए बड़े मुद्दे
उन्होंने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र ही जिला विज्ञान केन्द्र के निर्माण कार्य को प्रारम्भ कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी, जिससे बोकारो जिले के विद्यार्थियों और युवाओं को इसका लाभ मिल सके।

