अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Patna: बिहार की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आखिरकार सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया है और वे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में शामिल हो चुके हैं। पटना के वीर चंद्र पटेल रोड स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में हजारों उत्साहित कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने निशांत को पार्टी की विधिवत सदस्यता दिलाई। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने हाथी-घोड़ों के साथ पहुंचकर और जमकर नारेबाजी कर निशांत का भव्य स्वागत किया।
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने बेहद भावुक अंदाज में कहा कि वे आज से जदयू के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले का सम्मान करते हुए कहा कि यह उनका निजी निर्णय है और वे इसका आदर करते हैं। निशांत ने साफ किया कि उनके पिता ने अपना पूरा जीवन बिहार के विकास के लिए समर्पित कर दिया है और अब वे उनके अधूरे सपनों और विकास कार्यों को जनता के बीच लेकर जाएंगे।
Read more: नीतीश के उत्तराधिकारी निशांत? पटना की सड़कों पर पोस्टर वॉर शुरू
जदयू दफ्तर में सुबह से ही राज्य के कोने-कोने से पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे थे। सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। जदयू के वरिष्ठ नेता और एमएलसी नीरज कुमार ने इसे पार्टी के लिए ‘बड़ा दिन’ करार देते हुए कहा कि निशांत कुमार की एंट्री एक ‘मास्टरस्ट्रोक’ है, जिससे विपक्षी खेमे में हलचल मचनी तय है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि निशांत जल्द ही पूरे बिहार का दौरा शुरू करेंगे और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
पार्टी सूत्रों और कार्यकर्ताओं के बीच अब यह चर्चा तेज हो गई है कि निशांत कुमार को जल्द ही कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। कई समर्थकों ने तो अभी से उन्हें नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी और भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में देखना शुरू कर दिया है। भीड़ और उत्साह को देखते हुए जदयू कार्यालय के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। निशांत ने अपने संबोधन में जनता से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि उन्हें अभी राजनीति में बहुत कुछ सीखना है और वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने की हरसंभव कोशिश करेंगे।
Read more: बिहार की राजनीति में निशांत को आना चाहिए ललन की बात सुन मुस्कुरा दिए सीएम नीतीश

