अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Kolkata: कोलकाता की राजनीति में इस बार फिल्मी दुनिया की चमक साफ दिखाई दे रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए चार नामों की घोषणा की है। इन नामों में सबसे ज्यादा चर्चा अभिनेत्री कोयल मल्लिक को लेकर हो रही है।
पार्टी ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि कोयल मल्लिक को राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। उनके साथ बाबुल सुप्रियो, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार और वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी का नाम भी शामिल है। लेकिन टॉलीवुड की लोकप्रिय अदाकारा को टिकट दिए जाने से सियासी गलियारों में खास हलचल है।
कोयल मल्लिक बंगाली फिल्म इंडस्ट्री का बड़ा चेहरा हैं। उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है और अपनी सहज अभिनय शैली से दर्शकों का दिल जीता है। यही वजह है कि उन्हें ‘टॉली क्वीन’ के नाम से भी जाना जाता है। कोलकाता में जन्मी कोयल ने मॉडर्न हाई स्कूल फॉर गर्ल्स से पढ़ाई की और फिर गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज से साइकोलॉजी में बीएससी (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की।
उनके पिता रंजीत मल्लिक बंगाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और निर्माता रहे हैं। परिवार में राजनीति में कदम रखने वाली कोयल पहली सदस्य होंगी। साल 2013 में उन्होंने प्रोड्यूसर निसपल सिंह से शादी की। दोनों लंबे समय तक रिश्ते में रहे और फिर विवाह बंधन में बंधे। आज वे दो बच्चों की मां हैं और सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी रहती हैं। विधवाओं और जरूरतमंद बच्चों के लिए उनका काम अक्सर चर्चा में रहता है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बना चुकी कोयल मल्लिक संसद के मंच पर कैसी भूमिका निभाती हैं।

