अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
London, (UK): दुनिया में अजीबोगरीब किस्सों की कमी नहीं है, लेकिन ब्राजील की कंटेंट क्रिएटर सुलेन केयरे ने जो किया, उसने सबको हैरत में डाल दिया है। साल 2023 में लंदन की सड़कों पर सफेद गाउन पहनकर और सिर पर ताज सजाकर सुलेन ने बड़े धूमधाम से खुद से शादी की थी। ‘सेल्फ-मैरिज’ या ‘सोगोमी’ के इस अनोखे फैसले को उन्होंने आत्म-प्रेम और आत्मनिर्भरता का नाम दिया था। लेकिन ताज्जुब की बात यह है कि महज एक साल के भीतर ही यह ‘रिश्ता’ टूट गया और सुलेन ने खुद को ही तलाक दे दिया।
क्यों आई तलाक की नौबत?
सुलेन केयरे की यह कहानी सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रही है। उन्होंने खुलासा किया कि खुद के साथ उम्र भर का कमिटमेंट निभाना उनके लिए बेहद मुश्किल साबित हुआ। शादी के बाद वे खुद से जरूरत से ज्यादा उम्मीदें पालने लगी थीं, जिससे उन पर एक मानसिक दबाव बनने लगा। सुलेन ने बताया कि वे खुद को ही बार-बार निराश कर रही थीं और अपनी कमियों को स्वीकार करना उनके लिए एक चुनौती बन गया था।
कपल थेरेपी भी रही नाकाम
हैरानी की बात तो यह है कि अपने इस ‘स्वयं-विवाह’ को बचाने के लिए सुलेन ने अकेले ही कपल थेरेपी का सहारा भी लिया। उन्होंने कोशिश की कि वे खुद के साथ सामंजस्य बिठा सकें, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। आखिरकार मानसिक सुकून के लिए उन्होंने इस प्रतीकात्मक रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया। सोशल मीडिया पर जहां कुछ लोग उनके साहस की चर्चा कर रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में लोग इसे पब्लिसिटी स्टंट बताकर मजाक भी उड़ा रहे हैं। सुलेन की यह कहानी बताती है कि आत्म-प्रेम का रास्ता जितना आकर्षक दिखता है, उसे असल जिंदगी में उतारना उतना ही जटिल हो सकता है।
Read more: इंसान से तोड़ा नाता, AI से रचाई शादी; जापानी महिला ने सबको चौंकाया

