अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक आलीशान विला में 19 वर्षीय छात्रा के साथ हुए कथित गैंगरेप मामले में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ आ गया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब आरोपियों और पीड़िता के दावों के बीच जंग छिड़ गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपियों में से एक ने छात्रा की शिकायत से ठीक एक दिन पहले ही उसके खिलाफ ब्लैकमेलिंग की एफआईआर दर्ज कराई थी।
आरोपी का दावा: ‘पैसे ऐंठने की थी साजिश’
मुख्य आरोपी, जो सेकंड-हैंड कारों का व्यवसाय करता है, ने 21 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी का दावा है कि 14 फरवरी की रात वैलेंटाइन्स डे पार्टी के दौरान वह छात्रा से मिला था। उसके मुताबिक, छात्रा ने खुद को एक ‘शुगर बेबी’ बताया और किसी ‘शुगर डैडी’ से संपर्क कराने की बात कही। आरोपी का आरोप है कि छात्रा और पत्रकार होने का नाटक करने वाले उसके एक साथी ने उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दी और मामला रफा-दफा करने के लिए भारी रकम की मांग की। आरोपी ने कहा कि उसे फोन पर धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो टीवी पर एक ‘बदनाम करने वाला प्रोमो’ चला दिया जाएगा।
छात्रा के गंभीर आरोप: ‘नशीली गोली देकर किया दुष्कर्म’
वहीं, तमिलनाडु की रहने वाली बीए प्रथम वर्ष की छात्रा की कहानी बिल्कुल अलग है। छात्रा ने डिक्सन सांडो (21) और निखिल (35) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा के अनुसार, इंस्टाग्राम पर हुई जान-पहचान के बाद डिक्सन ने उसे जक्कुर के रेक्स विला में पार्टी के लिए बुलाया था। छात्रा का आरोप है कि वहां उसे जबरन एक ‘गुलाबी गोली’ खिलाई गई, जिससे वह बेहोश हो गई। पीड़िता का दावा है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसे जान से मारने की धमकी देकर एक मॉल के पास छोड़ दिया गया।
पुलिस जांच जारी
पीड़िता ने 17 फरवरी को अस्पताल में इलाज के बाद अपने भाई को जानकारी दी और फिर मामला दर्ज कराया। दूसरी ओर, आरोपी ने ब्लैकमेलिंग की शिकायत पहले ही दर्ज करा दी थी। अब बेंगलुरु पुलिस दोनों पक्षों के दावों की सच्चाई परख रही है। विला के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं ताकि यह साफ हो सके कि उस रात असल में क्या हुआ था।
Read more: सैनिक की पत्नी से गैंगरेप करने वाले आरोपी बोले- “तुझसे हिसाब चुकता करना था”

