अपनी भाषा चुनेें :
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा मुख्य मार्ग पर सोमवार करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नौरंग मार्केट पुलिया के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर स्कॉर्पियो से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार दो युवतियों समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल के नेतृत्व में हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल यूसिल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उनकी जान बच सकी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बाइक पर सवार तीनों लोग गालूडीह से दामूडीह स्थित पहाड़ भागा (नरवा पहाड़) जा रहे थे, तभी नौरंग मार्केट पुलिया के पास बाइक असंतुलित हो गई और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गई।
हादसे में गालूडीह निवासी लक्खी मार्डी और पार्वती मुर्मू तथा मुसाबनी निवासी कुंदु मार्डी घायल हुए हैं। यूसिल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर, जादूगोड़ा पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

