अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : झारखंड की प्रतिभाशाली युवतियों के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान की दिशा में एक बड़ा अवसर सामने आया है। प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स झारखंड 2026 का आधिकारिक शुभारंभ मंगलवार को रांची में किया गया। ग्लैमानंद ग्रुप के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता की झारखंड फ्रेंचाइज़ी जिंक इवेंट्स को मिली है। इसकी जानकारी जिंक इवेंट्स के राज्य निदेशक नितीश कुमार साह ने रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
नितीश कुमार साह ने बताया कि इस वर्ष जिंक इवेंट्स की ओर से दो अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पहली श्रेणी मिस यूनिवर्स झारखंड 2026 होगी, जिसमें 18 वर्ष या उससे अधिक आयु की युवतियां भाग ले सकेंगी। वहीं दूसरी श्रेणी मिस टीन झारखंड 2026 होगी, जिसमें 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को मंच प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल सौंदर्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य की युवतियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करना भी है।
प्रतियोगिता लगभग चार महीने तक चलेगी। इस दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों में स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवतियों को मंच पर अपनी प्रतिभा, व्यक्तित्व और सोच को प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों का लक्ष्य है कि राज्य के दूर-दराज इलाकों से भी प्रतिभागियों को इस प्रतियोगिता से जोड़ा जाए।
राज्य निदेशक ने जानकारी दी कि मेगा ऑडिशन और सेमीफाइनल का आयोजन जनवरी और फरवरी 2026 में किया जाएगा। इसमें पूरे झारखंड से 400 से अधिक पंजीकरण प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और पेशेवर तरीके से संपन्न की जाएगी, ताकि योग्य प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।
प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले मार्च 2026 में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में कई नामचीन हस्तियां, राष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य प्रतियोगिता विजेता और फैशन व ग्लैमर इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। ग्रैंड फिनाले के दौरान प्रतिभागियों को रैंप वॉक, इंटरव्यू राउंड और अन्य गतिविधियों के माध्यम से परखा जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम के मेंटर स्टेला नारायण, रुचि सेठ, प्रियांशु चौधरी और नारायणी जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। आयोजकों ने विश्वास जताया कि मिस यूनिवर्स झारखंड 2026 राज्य की बेटियों के सपनों को उड़ान देने का सशक्त मंच साबित होगा।

