अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर: गुमला जिले के रायडीह प्रखंड अंतर्गत माझाटोली स्थित पंखर राजे स्वर्गीय कार्तिक उरांव जतरा स्थल पर 30 दिसंबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर आदिवासी समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है, जिसे सफल और यादगार बनाने के लिए आदिवासी संगठन जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
विश्व विद्यालय निर्माण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से चैनपुर एवं जारी प्रखंड के आदिवासी समाज के लोग और ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, जनभागीदारी और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित गणमान्य लोगों ने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन आदिवासी समाज के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। यह अवसर न केवल विश्व विद्यालय निर्माण समिति के प्रयासों को नई दिशा देगा, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा। सभी ने एकजुट होकर कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने का संकल्प लिया।
बैठक में चुया उरांव, माग उरांव, चौकेंद्र सिंह, मनोहर सिंह, प्रफुल्ल उरांव, दिलीप बड़ाईक, बिमल भगत, राजेंद्र कोरवा सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित नेताओं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पंखर राजे स्व० कार्तिक उरांव जतरा स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम 30 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति पूरे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है।

