अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला/बिशुनपुर: बिशुनपुर प्रखंड अंतर्गत चिंगरी गांव में तीन दिवसीय ऐतिहासिक पुष्प पंचमी मेला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। मेले का उद्घाटन बनारी पंचायत के मुखिया बसनु उरांव, बिशुनपुर थाना के एसआई नितेश कुमार तथा मेला समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुखिया बसनु उरांव ने कहा कि चिंगरी का पुष्प पंचमी मेला वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसे मेला समिति द्वारा लगातार सुचारू रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मेला न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।
पुष्प पंचमी के अवसर पर लगने वाले इस मेले का विशेष महत्व रहा है। खेती-बाड़ी के कार्य समाप्त होने के बाद लोग अपने सगे-संबंधियों और रिश्तेदारों से मिलने यहां पहुंचते हैं। मेले में बच्चों का नाक-कान छेदवाना, शादी-विवाह से जुड़ी सामग्री, रंग-बिरंगे खिलौने, मिठाइयों और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य का भरपूर आनंद लिया। मेले में उमड़ी भारी भीड़ से पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक किया गया।
इस अवसर पर बिशुनपुर प्रखंड उप प्रमुख चंदन सिंह, मेला समिति अध्यक्ष बाबूलाल उरांव, सचिव शाशित उरांव, कोषाध्यक्ष जितेंद्र चीक बड़ाईक, संरक्षण सोमा उरांव सहित समिति के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। 
बिशुनपुर से प्रदीप साहू की रिपोट

