अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Sports News: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के लिए क्रिकेट फैंस का इंतजार खत्म होने वाला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मिनी नीलामी के लिए 1,355 खिलाड़ियों की प्रारंभिक सूची को छाँटकर 350 नामों की अंतिम सूची तैयार कर ली है। इस अंतिम सूची में 35 नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जिनमें सबसे प्रमुख नाम दक्षिण अफ्रीका के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक का है, जिनका बेस प्राइस ₹1 करोड़ रखा गया है।
डी कॉक पर टीमें दिखाएंगी दिलचस्पी
क्विंटन डी कॉक को पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रिटेन नहीं किया था। डी कॉक का IPL में लंबा और सफल अनुभव है, जिसके चलते माना जा रहा है कि इस मिनी नीलामी में उन्हें खरीदने के लिए टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। फिलहाल वह दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा हैं और भारत के साथ होने वाली टी20 सीरीज में अपनी फॉर्म का जलवा दिखाने को तैयार हैं। डी कॉक को विकेटकीपर-बल्लेबाजों के तीसरे सेट में शामिल किया गया है।
2 करोड़ के क्लब में केवल 2 भारतीय
बीसीसीआई द्वारा जारी अंतिम सूची के अनुसार, 2 करोड़ रुपये के उच्चतम बेस प्राइस वाले क्लब में कुल 40 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें भारतीय खिलाड़ियों के रूप में सिर्फ दो नाम हैं: स्टार स्पिनर रवि बिश्नोई और ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर।
नीलामी के पहले सेट में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के साथ डेवोन कॉनवे, जेक फ्रेजर-मैक्गर्क, सरफराज खान, पृथ्वी शॉ और डेविड मिलर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। वेंकटेश अय्यर को ऑलराउंडरों के दूसरे सेट में जगह मिली है।
नए भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों की एंट्री
अंतिम सूची में शामिल किए गए कुछ नए विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के ट्रेवीन मैथ्यू, बिनुरा फर्नांडो, कुसल परेरा और दुनिथ वेल्लालगे शामिल हैं। वहीं, भारतीय खिलाड़ियों में सादेक हुसैन, विष्णु सोलंकी, साबिर खान, बृजेश शर्मा, कनिष्क चौहान, आरोन जॉर्ज, और श्रीवत्स आचार्य जैसे कई डोमेस्टिक टैलेंट को मौका दिया गया है।
नीलामी प्रक्रिया और एक्सेलरेटेड राउंड
बोर्ड के मुताबिक, नीलामी की शुरुआत कैप्ड खिलाड़ियों से होगी, जिसमें पहले बल्लेबाजों, फिर ऑलराउंडरों, विकेटकीपर-बल्लेबाजों, तेज गेंदबाजों और अंत में स्पिनरों पर बोली लगेगी। इसके बाद अनकैप्ड खिलाड़ियों की बोली शुरू होगी।
नीलामी में ‘एक्सेलरेटेड राउंड’ (Accelerated Round) लागू होगा, जो खिलाड़ी नंबर 70 के बाद शुरू होगा। इस प्रक्रिया में 71 से 350 तक के सभी खिलाड़ी शामिल होंगे। इसके बाद टीमों से उन खिलाड़ियों के नाम मांगे जाएंगे जिन्हें वे दोबारा नीलामी में देखना चाहती हैं।
IPL 2026 के लिए मिनी नीलामी का आयोजन 16 दिसंबर को अबू धाबी में होगा।

