अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: गौतम बुद्ध नगर की कासना पुलिस ने एक बड़े हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो सगी बहनों और उनके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और फोन कॉल का इस्तेमाल कर कुंवारे और अविवाहित लड़कों को प्रेम और शादी के झूठे लालच में फंसाता था, और फिर उन्हें ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलता था।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों—दीपांशु, विनिशा और खुशी—के पास से ₹1 लाख 90 हजार नकद भी बरामद किए हैं। हालांकि, गैंग का एक अन्य सदस्य अजय अभी भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
नकली प्रोफाइल से बनाया जाता था इमोशनल कनेक्शन
थाना प्रभारी के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार हुई दोनों बहनें (विनिशा और खुशी) सोशल मीडिया पर नकली नामों और बदली हुई प्रोफाइल का उपयोग करती थीं। वे अविवाहित पुरुषों से संपर्क स्थापित करतीं और धीरे-धीरे दोस्ती को प्यार और शादी के वादों तक ले जाती थीं। बातचीत के दौरान, वे लड़कों का विश्वास जीतकर उन्हें भावनात्मक रूप से इतना करीब ले आती थीं कि ब्लैकमेलिंग करना आसान हो जाए।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने 29 नवंबर को 51 साल के एक अविवाहित व्यक्ति को निशाना बनाया। उसे पार्क में मिलने के लिए बुलाया गया। जैसे ही पीड़ित व्यक्ति वहाँ पहुंचा, वहाँ पहले से मौजूद लड़की की बहन, उसका बॉयफ्रेंड दीपांशु और एक अन्य साथी ने उसे घेर लिया।
जबरन वसूली और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी
गिरोह ने पीड़ित से 5 लाख रुपए की मांग की और इंकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद, गिरोह ने उसके निजी चैट और तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उससे जबरन पैसे छीन लिए।
पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए तत्काल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही कासना पुलिस ने तकनीकी निगरानी, कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन ट्रैकिंग की मदद से तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कई महीनों से अविवाहित पुरुषों को निशाना बना रहे थे और गोवा ट्रिप, शादी जैसे बहानों से लाखों रुपए ठग चुके हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह गिरोह और कितने लोगों को अपना शिकार बना चुका है।

