अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड पुलिस सतर्क हो गई है। इसी क्रम में झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) सह स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी डॉ. माईकलराज एस ने शनिवार को राज्य के सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य बिहार से सटे झारखंड के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना और चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना था।
बैठक में हजारीबाग, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह, गोड्डा, पलामू, कोडरमा, देवघर, साहेबगंज और दुमका जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। इस दौरान आईजी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधियों, असामाजिक तत्वों और नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और धन के अंतरराज्यीय परिवहन पर रोक लगाने के लिए चेक पोस्ट और मिरर चेक पोस्ट की गतिविधियों की समीक्षा की गई।
आईजी डॉ. माईकलराज एस ने सीमावर्ती जिलों की पुलिस को संयुक्त कार्रवाई तेज करने और वांछित अपराधियों व संगठित गिरोहों पर कठोर कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण बनाने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस को तालमेल बनाकर कार्य करना होगा।
बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें पुलिस महानिरीक्षक सुनिल भाष्कर, पुलिस उपमहानिरीक्षक धनंजय कुमार सिंह और सभी सीमावर्ती जिलों के एसपी मौजूद रहे।

