अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को रांची स्थित अपने कांके रोड आवासीय कार्यालय में पलामू जिला बल के शहीद आरक्षी सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों परिवारों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की ओर से दी गई 1 करोड़ 10 लाख-1 करोड़ 10 लाख रुपये की सम्मान राशि का चेक सौंपा। यह राशि सीधे परिजनों के बैंक खातों में जमा की गई।
मुख्यमंत्री सोरेन ने दोनों शहीदों के माता-पिता, पत्नी, बच्चे और अन्य परिजनों से भावनात्मक मुलाकात करते हुए कहा कि राज्य सरकार सदैव शहीद परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “शहीद सुनील कुमार राम और संतन कुमार मेहता ने राज्य की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। झारखंड उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। सरकार शहीदों के परिवारों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शहीद जवानों के बच्चों को नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए एक विशेष आवासीय विद्यालय की स्थापना करेगी। यह विद्यालय निजी स्कूलों की तर्ज पर संचालित होगा। इसके लिए रांची में झारखंड जगुआर परिसर की चार एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। विद्यालय का संचालन पुलिस विभाग द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि सरकार पुलिस विभाग के जवानों और उनके परिवारों के लिए एक विशेष अस्पताल बनाने की योजना पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार हमारे पुलिस परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार कर रही है। जल्द ही अस्पताल निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों से कहा कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दें और हिम्मत के साथ जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने पुलिस विभाग के वरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद परिवारों को मिलने वाले सभी सेवांत लाभ और पेंशन शीघ्र उपलब्ध कराए जाएं।
मौके पर अधिकारियों ने बताया कि दोनों शहीद आरक्षियों की पत्नियां स्नातक हैं और उन्हें पुलिस विभाग में क्लर्क के पद पर नियुक्ति दी जाएगी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से आज प्रत्येक परिवार को एक करोड़ दस लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। वहीं, पुलिस विभाग की नीति के अनुसार उग्रवादी घटना में शहीद हुए जवानों के लिए निर्धारित राशि जोड़ने के बाद दोनों परिवारों को कुल लगभग दो करोड़ रुपये की सहायता दी जाएगी।
इस अवसर पर राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, पलामू एसपी रिष्मा रमेशन, और एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

