अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने झारखंड प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए राज्य के 24 जिलों के लिए कुल 25 कांग्रेस अध्यक्षों की नई सूची जारी की है। यह सूची कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा शनिवार को जारी की गई। पार्टी ने इस पुनर्गठन के माध्यम से संगठन को नई दिशा देने और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने का संदेश दिया है।
जारी सूची के अनुसार, रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में कुमार राजा पर पुनः भरोसा किया गया है, जबकि रांची ग्रामीण कांग्रेस का अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा को बनाया गया है। सोमनाथ मुंडा कांके प्रखंड के प्रमुख कांग्रेस नेता हैं, जो लंबे समय से संगठन को मजबूत करने में सक्रिय रहे हैं। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर है।
सूची में अन्य जिलों के अध्यक्ष इस प्रकार हैं — बोकारो से जवाहर लाल मेहता, चतरा से चंद्रदेव गोप, देवघर से मुकुंद दास, धनबाद से संतोष कुमार सिंह, दुमका से स्टीफन मरांडी, पूर्वी सिंहभूम से परविंदर सिंह, गढवा से ओबैदुल्लाह हक अंसारी, गिरिडीह से सतीश केडिया, गोड्डा से याहया सिद्दीकी, गुमला से रजनिल तिग्गा, हजारीबाग से जे.पी. पटेल, जामताड़ा से दीपिका बेसरा, खूंटी से रवि मिश्रा, कोडरमा से प्रकाश रजक, लातेहार से कमेश्वर यादव, लोहरदगा से सुखैर भगत, पाकुड़ से श्रीकुमार सरकार, पलामू से बिमला कुमारी, रामगढ़ से ममता देवी, साहिबगंज से बरकातुल्लाह खान, सरायकेला-खरसावां से राज बागची, सिमडेगा से भूषण बाड़ा, और पश्चिम सिंहभूम से रंजन बॉयपोय।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि यह सूची युवाओं और अनुभवी नेताओं का संतुलन दर्शाती है। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि नए जिला अध्यक्षों के कार्यभार संभालने से झारखंड में संगठन और मजबूत होगा तथा आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती मिलेगी।
नए अध्यक्षों की घोषणा के बाद राज्यभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कई जिलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई और नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं।

