अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
World News: इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत के सिदोआर्जो शहर में एक भीषण हादसा सामने आया है। एक बोर्डिंग स्कूल में मंगलवार शाम छात्र नमाज पढ़ रहे थे तभी अचानक स्कूल की इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया। इस हादसे में 91 छात्र मलबे में दब गए, जबकि 26 घायल छात्रों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है।
कमजोर नींव और निर्माण कार्य बनी वजह
रिपोर्ट के अनुसार, जिस स्थान पर छात्र नमाज पढ़ रहे थे, वह उसी इमारत का निचला हिस्सा था जहां मस्जिद थी। इसके ऊपर नई मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि इमारत की नींव इतने भार को सहन करने लायक नहीं थी, जिसके चलते पूरी इमारत भरभराकर ढह गई।
परिजनों का दर्द और गमगीन माहौल
हादसे के बाद आसपास का माहौल गमगीन हो गया। दर्जनों परिवार अपने बच्चों की तलाश में रोते-बिलखते हुए स्कूल पहुंचे। स्कूल के बाहर लगे सफेद बोर्ड पर जीवित बचे छात्रों के नाम चस्पा किए गए हैं और परिजन वहीं अपने बच्चों का नाम ढूंढ रहे हैं। 49 वर्षीय अब्दुल्ला आरिफ अपने भतीजे की तस्वीर हाथ में लेकर फूट-फूटकर रो पड़े।
राहत और बचाव कार्य जारी
स्थानीय राहत और बचाव अधिकारी नानांग सिगिट ने जानकारी दी कि मलबे को हटाने के लिए क्रेन और खुदाई मशीनें लगाई गई थीं, लेकिन इमारत के बाकी हिस्से के गिरने की आशंका को देखते हुए भारी मशीनों का उपयोग रोका गया है। आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहारी ने कहा कि राहतकर्मी अब भी मलबे में दबे 91 छात्रों की तलाश में जुटे हैं। उनकी प्राथमिकता जीवित बचे लोगों को सुरक्षित निकालने की है।

