अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं की व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिजली विभाग, पथ निर्माण विभाग तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के वरीय अधिकारियों सहित अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था, विभिन्न कार्यपालक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रमुख पूजा पंडालों और आयोजनों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पंडालों में कहीं भी खुले बिजली तार न हों और फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतज़ाम रहें। उपायुक्त ने यह भी कहा कि पूजा समितियां प्रशासन द्वारा तय सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें और संबंधित प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
भीड़-भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के सभी प्रमुख पंडालों के आस-पास मौजूद मैनहोल और नालियों पर मजबूत स्लैब लगाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने मेले में लगने वाले झूलों के लिए भी सुरक्षा मानकों के पालन को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि झूला संचालक प्रॉपर बिजली कनेक्शन रखें और खुले तारों से बचाव सुनिश्चित करें, ताकि शॉर्ट सर्किट की कोई संभावना न रहे।
सफाई व्यवस्था पर भी उपायुक्त ने जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पूजा के दौरान सभी प्रमुख पंडालों और उनके आस-पास सफाई के लिए सुपरवाइजर की प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही, काटाटोली फ्लाईओवर की सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। पिछले दिनों फ्लाईओवर पर बारिश के कारण जलजमाव की समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्था बेहतर करने को कहा।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर पूरे शहर में माहौल उत्सवपूर्ण और सुरक्षित रहना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से तय समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का आग्रह किया, ताकि श्रद्धालु निर्बाध रूप से पूजा का आनंद ले सकें और सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम न रहे।

