अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : रांची जिला प्रशासन ने दुर्गा पूजा 2025 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और समावेशी वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से केंद्रीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने की। यह बैठक समाहरणालय स्थित ब्लॉक-B सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में विभिन्न पूजा समितियों, धार्मिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। दुर्गा पूजा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पंडालों की निगरानी और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त श्री भजंत्री ने कहा कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था और जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सभी पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग, अग्निशमन यंत्र, वॉलिंटियर्स की नियुक्ति और फायर सेफ्टी NOC लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सर्वश्रेष्ठ समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था करने वाली समिति को सम्मानित किया जाएगा।
SSP चंदन कुमार सिन्हा ने पूजा समितियों को प्रशासन की “आंख, कान, नाक और पैर” बताते हुए सहयोग की अपील की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक समिति अपने 5 वॉलिंटियर्स को ट्रेनिंग के लिए भेजे और उनकी सूची संबंधित थाने में दे। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट से बचने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
सुरक्षा प्रबंधन के तहत प्रमुख पंडालों और सार्वजनिक स्थलों पर ड्रोन निगरानी, CCTV, महिला पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और पार्किंग जोन तय किए जाएंगे। साथ ही, विसर्जन के दौरान प्रशासन की निगरानी में वाहन फिटनेस, ड्राइवर सत्यापन और शराब सेवन पर रोक सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपस्थित पूजा समितियों ने साफ-सफाई, जलापूर्ति, निर्बाध बिजली, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था जैसे कई अहम सुझाव दिए, जिन पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख दिखाया।
अंत में उपायुक्त ने आमजन से अपील की कि वे प्रशासन के साथ मिलकर सहयोग करें और किसी भी प्रकार की समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। यह बैठक दुर्गा पूजा की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

