अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : राजधानी रांची में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर हड़कंप मचा दिया है। यह मामला लालपुर थाना क्षेत्र के ओम गर्ल्स हॉस्टल से जुड़ा है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने देर रात छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 लड़कियों को हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार, रांची पुलिस को कुछ दिनों से लगातार जानकारी मिल रही थी कि हॉस्टल की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इस सूचना की पुष्टि के बाद शनिवार को सिटी डीएसपी, कोतवाली डीएसपी, लालपुर थाना प्रभारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने अचानक हॉस्टल पर धावा बोला। छापेमारी के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हॉस्टल में रहने वाली लड़कियों को विभिन्न स्थानों पर भेजा जाता था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इस रैकेट को आखिरकार कौन चला रहा था। पूछताछ में कई अहम नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रैकेट के सरगना की तलाश की जा रही है और जल्द ही बड़ी गिरफ्तारी संभव है। वहीं, पकड़ी गई लड़कियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि इस धंधे की गुत्थियां सुलझाई जा सकें।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस हॉस्टल को लेकर पहले भी संदेह की स्थिति थी, लेकिन खुलकर कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। अब पुलिस की कार्रवाई से साफ हो गया है कि हॉस्टल की आड़ में लंबे समय से सेक्स रैकेट सक्रिय था।
शहर के बीचोंबीच इस तरह का रैकेट पकड़े जाने से हड़कंप मच गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर अवैध गतिविधि चल रही थी और इसकी भनक प्रशासन को पहले क्यों नहीं लगी।
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आने वाले दिनों में इस मामले से और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

