अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग पटना ने मंगलवार को राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 12 जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।
ऑरेंज अलर्ट जिन जिलों में जारी किया गया है उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, अरवल और औरंगाबाद शामिल हैं। इसके अलावा सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जमुई और बांका में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
नेपाल में हो रही तेज बारिश के कारण कोसी नदी भी उफान पर है, जिससे निचले इलाकों में खतरा और बढ़ गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में तेज हवाएं, मेघ गर्जन, भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे ऊंचे स्थानों पर रहें, बिजली के खुले तारों से दूर रहें और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में खड़े होने से बचें।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 11 से 18 सितंबर के बीच राज्य में फिर से भारी बारिश हो सकती है। हालांकि इससे शहरों में जलभराव की समस्या बढ़ेगी, लेकिन किसानों को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।

