अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने रांची महानगर जिला कांग्रेस कमेटी के नए जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को एआईसीसी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक दल रांची सर्किट हाउस पहुंचा और इस संबंध में बैठक की।
पर्यवेक्षक दल का नेतृत्व पूर्व सांसद और एआईसीसी पर्यवेक्षक विजय इंदर सिंगला कर रहे हैं। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) पर्यवेक्षक व पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, अनुपमा सिंह, रविंद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सोनाल शांति, राजेंद्र दास और मनोज सहाय मौजूद रहे।
सर्किट हाउस में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सिंगला ने बताया कि आगामी एक माह के भीतर नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य जिला स्तर पर पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी का गठन कर बूथ और ब्लॉक कमिटियों को और मजबूत करना है। इसके लिए युवा ऊर्जा और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव का संतुलन साधा जाएगा।
नए जिलाध्यक्ष के चयन के लिए वफादारी, सक्रिय योगदान, संगठनात्मक अनुभव, लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भूमिका तथा साफ-सुथरी छवि जैसे मानदंड तय किए गए हैं। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को बाहर रखा जाएगा।
सिंगला ने बताया कि रांची महानगर जिला कांग्रेस कमेटी रांची, हटिया, खिजरी और कांके विधानसभा क्षेत्रों में फैली है, जिनमें कुल 53 वार्ड आते हैं। वे वरिष्ठ नेताओं, फ्रंट संगठनों के अध्यक्षों और प्रखंड अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। वहीं 2 सितंबर को हटिया और खिजरी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद का कार्यक्रम होगा।

