अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ, रांची इकाई की बैठक रविवार को कचहरी स्थित शिक्षा परिसर में संपन्न हुई। बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) रांची, बादल राज द्वारा वार्षिक वेतनवृद्धि पर रोक लगाने और शपथ पत्र की अनिवार्यता थोपने के आदेश का शिक्षकों ने कड़ा विरोध किया।
संघ ने बताया कि जिले के लगभग तीन हजार शिक्षकों की जुलाई माह से वेतनवृद्धि रोक दी गई है। इसका आधार “हिंदी टिप्पण परीक्षा पास करने” को बनाया गया है, जबकि शिक्षक पहले से ही इससे मुक्त हैं। इसके बावजूद प्रथम श्रेणी दंडाधिकारी से शपथ पत्र दिलाने की मांग ने शिक्षकों में आक्रोश और उबाल पैदा कर दिया है।
मुख्य प्रवक्ता नसीम अहमद ने कहा कि यह निर्णय अव्यवहारिक और अमर्यादित है। इसलिए सभी शिक्षकों ने शपथ पत्र देने से साफ इंकार कर दिया है। संघ ने आंदोलन की घोषणा की है।
आंदोलन के चरण:
- पहला चरण (5 सितंबर): शिक्षक दिवस पर दोपहर 1 बजे शिक्षा परिसर में DSE आदेश की प्रति जलाकर विरोध।
- दूसरा चरण (8 सितंबर): जिलेभर में प्राथमिक और मध्य विद्यालय के शिक्षक काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे।
- तीसरा चरण (20 सितंबर): शिक्षा परिसर में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। बैठक में अनूप केशरी, नसीम अहमद, राकेश कुमार, संतोष कुमार, गोवर्धन महतो, विजय मुंडा समेत अनेक शिक्षक उपस्थित थे।

