अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : झारखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को संजीवनी देने के लिए रांची जिला प्रशासन ने एक संवेदनशील पहल की है। करमा पर्व की पूर्व संध्या पर बेड़ो प्रखंड के कला दल को जिला प्रशासन की ओर से पारंपरिक वाद्ययंत्र मांदर उपलब्ध कराया गया।
दरअसल, कुछ दिन पहले उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में कला दल के सदस्यों ने अपनी समस्या साझा करते हुए कहा था कि उनके पास मांदर नहीं है। बिना मांदर उनके सांस्कृतिक कार्यक्रम अधूरे लगते हैं। इस फरियाद को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने वादा किया था कि उन्हें मांदर उपलब्ध कराया जाएगा। आज जिला प्रशासन ने अपना वादा पूरा करते हुए कला दल को दो मांदर भेंट किए।
मांदर मिलने के बाद कलाकारों की खुशी देखते ही बन रही थी। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार जताया और करमा पर्व की पूर्व संध्या पर विशेष रूप से उपायुक्त को आमंत्रित भी किया। कलाकारों ने कहा कि अब वे करमा पर्व को पूरी उत्साह और पारंपरिक धुन के साथ मना सकेंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री भजन्त्री ने कहा कि “हमारी लोक संस्कृति हमारी असली पहचान है। कलाकारों की ज़रूरतें पूरी करना प्रशासन का दायित्व ही नहीं, बल्कि गर्व की बात है।” उन्होंने आगे कहा कि करमा जैसे पर्व समाज को जोड़ते हैं और इन्हें भव्य बनाने में प्रशासन हमेशा सहयोग करेगा। यह पहल न केवल कलाकारों के उत्साह को बढ़ाने वाली है, बल्कि ग्रामीण संस्कृति और झारखंडी लोककला के संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

