अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : एदारा-ए-शरिया झारखंड और सुन्नी बरैलवी सेंट्रल कमिटी ने संयुक्त रूप से घोषणा की है कि आगामी 5 सितम्बर, दिन शुक्रवार को ईद मिलादुन्नबी के मौके पर ऐतिहासिक जुलूस-ए-मोहम्मदी पूरे अकीदत और एहतराम के साथ निकाला जाएगा। इस वर्ष यह जुलूस खास इसलिए भी है क्योंकि इस्लामिक इतिहास के 1500 साल पूरे होने की खुशी में इसे और भव्य बनाया जा रहा है।
संस्था के सरपरस्त मो. सईद की सरपरस्ती और उलेमाओं के नेतृत्व में दोपहर 1:30 बजे विभिन्न इलाकों से जुलूस की शुरुआत होगी। एदारा-ए-शरिया झारखंड के नाज़िम-ए-आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी ने कहा कि “इस वर्ष का जुलूस-ए-मोहम्मदी ऐतिहासिक होगा और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश देगा।”
सुन्नी बरैलवी सेंट्रल कमिटी के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता कर बताया कि जुलूस कांटाटोली, पथलकुदवा, गुदड़ी चौक, कर्बला चौक, लोअर बाजार, पुरानी राँची, हिन्दपीढ़ी और मेन रोड होते हुए शाम 5:00 बजे रेसालदार बाबा दरगाह उर्स मैदान पहुँचेगा। यहां उलेमा और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि जलसे को संबोधित करेंगे और सामूहिक दुआ के साथ शाम 6:00 बजे कार्यक्रम का समापन होगा।
कमिटी द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार, जुलूस में बड़ी गाड़ी और डीजे साउंड सिस्टम का पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। 13 फीट से अधिक ऊँचे झंडे या सजावट की अनुमति नहीं होगी। प्रतिभागियों को साफ कपड़े और टोपी पहनकर आना होगा तथा नबी-ए-करीम ﷺ की शान में दरूद शरीफ और नात का विर्द करना होगा। जुलूस में मुस्लिम महिलाओं की भागीदारी वर्जित होगी। नमाज़ के समय साउंड सिस्टम बंद कर नमाज़ अदा की जाएगी।
आयोजकों ने अपील की है कि लोग अपने घरों और मोहल्लों को सजाएँ और अनुशासन, आपसी भाईचारे व सौहार्द का परिचय देते हुए इस ऐतिहासिक जुलूस को सफल बनाएं।

