अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: पूर्वी चंपारण जिले में किसानों को यूरिया की किल्लत झेलनी पड़ रही है, लेकिन दूसरी ओर मुनाफाखोर धड़ल्ले से खाद की कालाबाजारी कर रहे हैं। सरकार द्वारा तय 268 रुपये प्रति बोरी की जगह खुलेआम 600 से 700 रुपये में यूरिया बेचा जा रहा है। इसी सिलसिले में एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई हुई है।
डीएसपी सदर दिलीप कुमार और एसडीओ श्वेता भारती के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना पुलिस ने बंजरिया थाना क्षेत्र के बथना गांव के पास छापेमारी कर एक बोलेरो पिकअप (नंबर BR05GC6445) से 80 बोरा यूरिया जब्त किया। मौके से कटहां लोकनाथपुर निवासी विकेश कुमार को गिरफ्तार भी किया गया।
पुलिस पूछताछ में विकेश ने कबूला कि वह लंबे समय से खाद की तस्करी में शामिल है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक ईंट चिमनी परिसर में बने कमरे से 23 और बोरी यूरिया बरामद किया। कुल मिलाकर 103 बोरी यूरिया पुलिस के कब्जे में आई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसानों की जरूरत के सामान से कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

