अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के रांची पशु चिकित्सा विज्ञान और पशुपालन महाविद्यालय की ओर से रविवार को पांच किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की स्मृति को समर्पित थी।
सुबह छह बजे कृषक भवन से शुरू हुई यह दौड़ BAU रोड होते हुए विश्वविद्यालय मुख्यालय तक गई और फिर वापस प्रारंभिक स्थल पर समाप्त हुई। प्रतिकूल मौसम के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक था। कुल 47 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें गुमला और गोड्डा से आए छात्र भी शामिल थे। छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को और खास बना दिया।
प्रतियोगिता के समन्वयक डॉ. अबसार अहमद थे, जिन्होंने स्वयं भी दौड़ में भाग लिया। रांची रोड रनर्स के 11 सदस्य प्रतिभागियों को प्रेरित करने पहुंचे। परिणामों में छात्र वर्ग में संजीत कुमार (प्रथम), राजेश कुमार महतो (द्वितीय) और वरुण भूषण लगुरी (तृतीय) रहे। छात्रा वर्ग में सीमा बेड़िया (प्रथम), श्रेय श्रीवास्तव (द्वितीय) और संध्या बगेरी (तृतीय) विजेता बनीं। वहीं कर्मचारी वर्ग में डॉ. अबसार अहमद ने प्रथम स्थान हासिल किया।
दौड़ की शुरुआत पशु चिकित्सा संकाय के डीन डॉ. एम.के. गुप्ता और खेल प्रभारी डॉ. राजू प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर की।

