अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: झारखंड के खूंटी जिले में विगत 29 अप्रैल को फ्लिपकार्ट हब इंचार्ज के साथ हथियार दिखाकर की गई लूट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कर्रा थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, लूट में इस्तेमाल की गई डोमिनार बाइक और लूटे गए दो मोबाइल फोन सहित कुल तीन मोबाइल बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान कर्रा के टिमड़ा बरटोली गांव निवासी रोहित लोहरा (19), खूंटी के तुतटोली एरेंडा गांव निवासी पंकज राम (19), आशुतोष कुमार राम (18) और संदीप कुमार (24) के रूप में हुई है।
एसपी मनीष टोप्पो ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि सभी आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने-अपने घरों में छिपे हुए हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद तोरपा अंचल के पुलिस निरीक्षक फ्रांसिस जेवियर बाड़ा के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
गठित टीम ने कर्रा और खूंटी थाना के अधिकारियों तथा तकनीकी शाखा के सहयोग से छापामारी कर सभी आरोपितों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि लूट की योजना पहले से बनाई गई थी और वारदात के दौरान आरोपितों ने हथियार के बल पर फ्लिपकार्ट कर्मी से मोबाइल फोन लूट लिए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपित संदीप कुमार पर पहले से भी लूट के तीन मामले दर्ज हैं, जो वर्ष 2021-22 में तोरपा थाना में दर्ज किए गए थे। उसे एक शातिर अपराधी माना जा रहा है। चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में कर्रा थाना प्रभारी मनीष कुमार, एसआई मुकेश कुमार यादव, दीपक कांत कुमार, खूंटी थाना के एसआई अरुण कुमार सहित सशस्त्र बल और तकनीकी टीम के सदस्य शामिल थे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में राहत की भावना है और लूटकांड की गुत्थी सुलझने से स्थानीय लोगों ने पुलिस को साधुवाद दिया है।

