अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के कटिहार जिले के मनिहारी अंचल के धुरियाही पंचायत के वार्ड संख्या 3, 4, 5 और 6 में गंगा नदी का कटाव एक बार फिर से ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बन गया है। पांच घरों पर संकट आ चुका है और कई परिवारों को अपने झोंपड़ी समेटकर ऊंचे स्थानों की ओर पलायन करना पड़ा है।
प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं। अंचल अधिकारी, मनिहारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को पॉलीथीन शीट मुहैया कराई गई है और सभी को नदी किनारे से हटकर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल काढ़ा गोला के कार्यपालक अभियंता ने मौके का निरीक्षण किया और हाथी पाओ, बम्बू, बालू बोरा जैसे कटाव रोधी उपायों को तुरंत शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में भी इसी स्थान पर कटाव शुरू हुआ था, जिसे तत्काल नियंत्रण में लाया गया था। लेकिन पिछले कुछ दिनों में जलस्तर में कमी के कारण दोबारा कटाव शुरू हो गया है।
प्रशासन की ओर से राहत कार्यों को तेज कर दिया गया है। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया है कि कटाव को रोकने के लिए हरसंभव तकनीकी उपाय किए जाएंगे ताकि और अधिक नुकसान न हो। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और संकट की घड़ी में संयम बनाए रखें।

