अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड के अंगो थाना क्षेत्र स्थित गोंदवार गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को एकजुट होकर भूमाफियाओं के खिलाफ सशक्त संदेश दिया। चुरचू प्रखंड के अंगो थाना क्षेत्र स्थित इस गांव में सैकड़ों ग्रामीणों ने विवादित भूमि पर सामूहिक रूप से धान की रोपाई की और साफ कहा कि वे अपनी पुश्तैनी जमीन को किसी भी हाल में छोड़ने वाले नहीं हैं।
क्या मामला?
विवाद खाता संख्या 3, मौजा गोंदवार की करीब 12 एकड़ 31 डिसमिल जमीन को लेकर है। ग्रामीणों के अनुसार, वे इस जमीन पर पीढ़ियों से खेती करते आ रहे हैं। लेकिन कुछ माह पूर्व भूमाफियाओं ने फर्जी दस्तावेज बनवाकर कब्जा करने की साजिश की थी। इसका ग्रामीणों ने पुरजोर विरोध किया था।
बुधवार को इसी जमीन पर ग्रामीणों ने पहले सरना झंडा गाड़कर पारंपरिक पूजा-अर्चना की, फिर सामूहिक रूप से धान रोपाई शुरू की। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने एक स्वर में कहा कि यह जमीन उनकी पहचान है और इसे किसी भी हालत में नहीं छोड़ेंगे।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने फिर से इस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की तो वे संगठित होकर गांव से खदेड़ने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इस पूरे अभियान में शिबालाल मरांडी, सुखदेव हेम्ब्रोम, अनिल हेम्ब्रोम, रीतलाल हेम्ब्रोम, रामचन्द्र राम, सुरजन राम, संतोष राम, मोतीलाल हेम्ब्रोम, लजरुस सोरेन, सुरेश सोरेन और सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।
गोंदवार के इस आंदोलन ने क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। यह संदेश साफ है – “भूमाफिया होशियार रहें, गांव एकजुट है।”

