अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नुईया गांव स्थित वन देवी मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा को खंडित किए जाने की घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। शनिवार रात हुई इस शर्मनाक घटना के विरोध में सोमवार को पूरा गुवा बाजार बंद रहा।
बताया जा रहा है कि असामाजिक तत्वों ने सिर्फ प्रतिमा को खंडित ही नहीं किया, बल्कि देवी की साड़ी और आभूषण भी हटा कर फेंक दिए, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं।
हिंदू संगठनों का बंद, जनप्रतिनिधियों का समर्थन
इस घटना के विरोध में स्थानीय हिंदू संगठनों ने बंद का आह्वान किया, जिसे व्यापारियों और नागरिकों ने स्वेच्छा से समर्थन दिया। सुबह से ही संगठन कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया।
इस विरोध में जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी और कई अन्य जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। देवकी कुमारी ने साफ तौर पर कहा, “यह सिर्फ मूर्ति तोड़ने का मामला नहीं है, यह हमारी आस्था पर हमला है और इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
शिकायत दर्ज, लेकिन गिरफ्तारी नहीं
गुवा थाना में इस घटना को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
पूर्व CM मधु कोड़ा भी पहुंचे गुवा
रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा गुवा पहुंचे और थाना प्रभारी नीतीश कुमार से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में गंभीरता से जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। कोड़ा ने इसे “समाज की आत्मा पर हमला” करार दिया।
दो साल में दो बार हमला, बढ़ा तनाव
गौर करने वाली बात यह है कि दो वर्ष पूर्व भी इसी मंदिर में प्रतिमा खंडन की घटना हुई थी, लेकिन तब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार जब जनभावनाएं उबाल पर हैं और संगठनों ने सख्त चेतावनी दी है, तो प्रशासन पर तेज कार्रवाई का दबाव है।

