अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड के स्वर्गछिड़ा गांव में शुक्रवार की सुबह एक जंगली हाथी ने स्थानीय बुजुर्ग पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्ति की पहचान 65 वर्षीय अतुल बेरा के रूप में हुई है, जिन्हें पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के बारीपदा अस्पताल भेजा गया।
शौच के लिए निकले थे नदी किनारे, तभी हुआ हमला
घटना शुक्रवार तड़के की है जब अतुल बेरा सुबह-सुबह स्वर्णरेखा नदी किनारे शौच के लिए गए थे। उसी समय झाड़ियों में छिपे जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
ओडिशा से भटक कर आया हाथी, नदी किनारे कर रखा है डेरा
स्थानीय लोगों और वन विभाग के अनुसार, यह हाथी गुरुवार रात ओडिशा की सीमा से होते हुए स्वर्गछिड़ा गांव के समीप पहुंचा। हमले के बाद भी वह हाथी अब तक स्वर्णरेखा नदी किनारे मौजूद है और पास के गांवों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों में आक्रोश, वन विभाग से की कार्रवाई की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और डर दोनों का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथी को जल्द से जल्द गांव से दूर सुरक्षित वन क्षेत्र में भेजा जाए ताकि आगे किसी और जान-माल की हानि से बचा जा सके।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि हाथियों की आवाजाही इस इलाके में आम होती जा रही है, लेकिन वन विभाग समय पर सक्रिय नहीं होता।
वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम अलर्ट, अभियान शुरू
घटना की सूचना मिलते ही मुसाबनी वन क्षेत्र की टीम और चाकुलिया से क्विक रिस्पांस यूनिट को मौके पर भेजा गया है। वन विभाग की टीम हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने के लिए सक्रिय हो गई है।
स्थानीय प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे हाथी के संपर्क में आने से बचें और किसी भी स्थिति में वन विभाग को तुरंत सूचना दें।
सुरक्षा के लिए जागरूकता जरूरी
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि मानसून के समय हाथियों की भटकने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक और सतर्क रहने की जरूरत है। जंगल से सटे गांवों में निगरानी बढ़ा दी गई है और अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

