अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की। चमातू कोलियरी के पास हथियारबंद अपराधियों ने दो गाड़ियों में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 5 से 6 की संख्या में अपराधी हथियारों से लैस होकर कोलियरी परिसर में पहुंचे। वहां खड़ी एक हाइवा और एक अन्य वाहन को उन्होंने आग के हवाले कर दिया। आग लगने के बाद गाड़ियों में तेज लपटें उठीं, जिससे आसपास अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना रंगदारी की मांग पूरी न होने की वजह से अंजाम दी गई। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से अपराधी इस इलाके में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस की लगातार सक्रियता और दबाव के कारण उनकी मंशा अब तक सफल नहीं हो सकी है। ऐसे में वे इस तरह की हिंसक वारदातों को अंजाम देकर इलाके में डर और खौफ का माहौल बनाना चाहते हैं।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका कोल खदानों और खनन कार्यों के चलते अपराधियों के निशाने पर रहता है। रंगदारी वसूली में विफल होने पर वे इस तरह की घटनाओं से दहशत फैलाते हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी वारदातें न हो सकें।

