अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले की रहने वाली और सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कार्यरत सपना कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत और बिहार का नाम रोशन किया है। उन्होंने अमेरिका के बर्मिंघम, अलबामा में आयोजित 21वें विश्व पुलिस खेलों में तीरंदाजी की तीन श्रेणियों में पदक जीतकर इतिहास रच दिया है।
यह प्रतियोगिता 27 जून से 6 जुलाई 2025 तक चल रही है, जिसमें दुनिया भर की सुरक्षा एजेंसियों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। सपना कुमारी ने फील्ड आर्चरी और 3डी आर्चरी में स्वर्ण पदक, जबकि टारगेट आर्चरी में रजत पदक जीतकर अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
उनकी इस जीत को बिहार के खेल जगत में एक प्रेरणास्रोत उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। राज्य के खेल विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने सपना के प्रदर्शन को सराहा है और इसे सुरक्षा बलों में कार्यरत खिलाड़ियों के लिए मिसाल बताया है।
सीमा सुरक्षा बल की ओर से विश्व पुलिस गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए सपना कुमारी ने यह दिखा दिया कि कठिन प्रशिक्षण और मजबूत हौसले से किसी भी मंच पर जीत हासिल की जा सकती है। उनके प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार और खेल संस्थाएं उनके सम्मान और प्रोत्साहन की तैयारी में जुट गई हैं।

