अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
World News: इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते तनाव के बीच इजराइली सेना ने बुधवार को एक बड़ा दावा किया है। सेना ने बताया कि उसने दक्षिणी लेबनान के हूला गांव में स्थित एक इमारत को हवाई हमले में निशाना बनाया है, जिसे कथित तौर पर हिजबुल्लाह द्वारा सैन्य गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।
इजराइली सेना के अनुसार, यह हमला खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया, जिसमें संकेत मिले थे कि हिजबुल्लाह ने संघर्षविराम के बावजूद सीमा पर अपनी सैन्य मौजूदगी को बढ़ाया है। सेना के प्रवक्ता ने कहा, “यह कार्रवाई हिजबुल्लाह की बढ़ती आक्रामकता और योजनाओं को नाकाम करने की दिशा में अहम कदम है।”
गौरतलब है कि इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच पिछले वर्ष नवंबर में संघर्षविराम समझौता हुआ था, लेकिन इजराइल का आरोप है कि हिजबुल्लाह उस समझौते का लगातार उल्लंघन कर रहा है और गुप्त रूप से अपनी क्षमताएं फिर से मजबूत कर रहा है।
दूसरी ओर, लेबनान सरकार ने इजराइली हमले की कड़ी आलोचना की है। सरकार ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि “इजराइली सेना की यह कार्रवाई संघर्षविराम का खुला उल्लंघन है और इससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।” लेबनान ने यह भी आरोप लगाया कि इजराइल पिछले कई दिनों से लगातार हवाई और जमीनी हमले कर रहा है, जो कि अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है।
इस ताजा हमले के बाद एक बार फिर आशंका जताई जा रही है कि दोनों पक्षों के बीच सीमावर्ती संघर्ष और बढ़ सकता है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और तनाव को कम करने की अपील कर रहा है।

